जरूरतमंदों का सहयोग हमारी नैतिक जिम्मेदारी, समाज के उत्थान लिए अपना योगदान सुनिश्चित करे आमजन: जरनैल सिंह
लोक प्रेरणा लोहारू। लोहारू अनाज मंडी परिसर में प्रयास-एक कोशिश के तत्वाधान में खुशियों की दीवार सज कर तैयार है जो जरूरतमंद लोगों को खुशियां बांटने के साथ साथ समाज को जोड़ने का काम कर रही है। इस नेकी के कार्य को लोगों द्वारा सराहा जा रहा है और लोगों का समर्थन मिल रहा है। लोग प्रयास-एक कोशिश की मुहिम को सराहनीय कदम बता रहे हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार को थाना प्रभारी जरनैल सिंह खुशियों की दीवार पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि यह एक सराहनीय पहल है और हमें शादी-विवाह, जन्मदिन आदि मांगलिक अवसरों पर जरूरतमंदों के लिए खुशियां भेंट करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि नर सेवा ही नारायण सेवा है।
उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति आपसी प्रेम, सहयोग और भाईचारे की रही है हमें आपस में मिलकर समाज के उत्थान के लिए और सामाजिक समरसता के लिए कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह एक सराहनीय पहल है इसमें हर एक इंसान को अपना योगदान देना चाहिए। मनोज सोलंकी, नगर पार्षद रवि केडिया, लोहारू समस्या समाधान संगठन के अध्यक्ष प्रदीप सैनी, सुनीता वर्मा ने भी खुशियों की दीवार पर खुशियां भेंट करते हुए कहा कि हमें खुशियों की दीवार पर खुशियां भेंट कर बहुत शांति और खुशी महसूस होती है। प्रयास-एक कोशिश सामाजिक संगठन के अध्यक्ष महेंद्र कथूरिया, डॉ. उमेद जांगिड़, अजय दहिया, मनोज सिंघल ने बताया कि लोहारू में पिछले 10 वर्षों से खुशियों की दीवार चलाई जा रही है जिससे हर वर्ष हजारों जरूरतमंदों को गर्म वस्त्र, जूते, कंबल का सहयोग मिलता है। हमें अपने घरों में रखा हुआ अतिरिक्त सामान खुशियों की दीवार पर भेंट करने चाहिए जिससे जरूरतमंदों को लाभ मिल सके। खुशियों की दीवार पर रामलीला कमेटी प्रधान संतलाल सैनी, व्यापार मंडल सचिव संजय खंडेलवाल, राधाकृष्ण मेहता, पार्षद अजय शर्मा, महेश शर्मा, रवींद्र कस्वां ने खुशियां भेंट की। सभी अतिथियों का संगठन के संस्थापक मा. पवन स्वामी, रामपाल नकीपुर, द्वारा स्वागत किया गया और संगठन की ओर से स्मृति चिन्ह भेंट किया गया।
