हरित रक्षक खेजड़ी (जांटी) बचाओ जन चेतना यात्रा कार्यक्रम, विधायक कंवर सिंह ने किया यात्रा को रवाना

सुरक्षित भविष्य के लिए पर्यावरण संरक्षण अति आवश्यक: कंवर सिंह यादव

अमित वालिया(लोक प्रेरणा) सतनाली। स्थानीय एलएनबी राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल, सतनाली में वन विभाग द्वारा दक्षिण हरियाणा के शुष्क क्षेत्रों के लिए हरित रक्षक खेजड़ी (जांटी) बचाओ जन चेतना यात्रा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक कंवर सिंह यादव ने हरी झंडी दिखाकर किया। विधायक कंवर सिंह यादव ने कहा कि जांटी जैसे स्वदेशी वृक्ष शुष्क क्षेत्रों की जीवनरेखा हैं। ये न केवल पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में सहायक हैं, बल्कि मिट्टी संरक्षण, जल संरक्षण और जैव विविधता के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि बढ़ते पर्यावरणीय संकट के दौर में ऐसे जन-जागरूकता कार्यक्रम समाज को प्रकृति से जोड़ने का कार्य करते हैं। विधायक ने विद्यार्थियों और ग्रामीणों से अधिक से अधिक पौधारोपण करने, जांटी सहित अन्य देशी वृक्षों की रक्षा करने और पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर योजनाएं चला रही है, लेकिन उनकी सफलता आमजन की सक्रिय भागीदारी से ही संभव है। प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह प्रकृति की रक्षा कर स्वच्छ, हरित और स्वस्थ वातावरण के निर्माण में योगदान दे।

कार्यक्रम में रेंज ऑफिसर विक्रम सिंह ने बताया कि जन चेतना यात्रा का उद्देश्य लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि खेजड़ी (जांटी) का पेड़ दक्षिण हरियाणा के शुष्क क्षेत्रों में हरित आवरण बनाए रखने और क्षेत्र की जैव विविधता को सुदृढ़ करने में अहम भूमिका निभाता है। इस मौके पर मुख्य वन संरक्षक घनश्याम दास शुक्ला, वन अधिकारी बिजेंद्र सिंह, रेंज ऑफिसर विक्रम सिंह, कमल सिंह, भाजपा जिला महामंत्री योगेश शास्त्री, मार्केट कमेटी चेयरमैन भागीरथ शेखावत, रवि शेखावत जड़वा, रणबीर सिंह, डॉ वेदप्रकाश यादव, प्राचार्य जयवीर, सरपंच प्रमोद, गजेंद्र सिंह, प्रवेश कुमारी, देवेंद्र सिंह, सुरेंद्र सिंह सहित स्कूल स्टाफ और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!