नवनिर्वाचित अध्यक्ष व कार्यकारिणी का फूल मालाओं से किया स्वागत
लोक प्रेरणा लोहारू। देश भर के करोड़ों लोगों की आस्था व श्रद्धा के केंद्र विश्व प्रसिद्ध श्री खाटू श्याम धाम में श्री श्याम मंदिर कमेटी खाटू की नई कार्यकारिणी के गठन के बाद क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है तथा क्षेत्र के श्याम प्रेमियों ने नई कार्यकारिणी के गठन पर मिठाई बांटकर खुशी का इजहार किया है। जानकारी देते हुए श्याम प्रेमी राहुल गर्ग ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान चुनाव अधिकारी मोहन सिंह चौहान ने चुनाव प्रक्रिया नियमानुसार संपन्न करवाई जिसमें 7 में से 4 पदाधिकारियों ने मतदान किया। चुनाव में शक्ति सिंह चौहान को अध्यक्ष, मानवेंद्र सिंह चौहान को मंत्री और रवि सिंह चौहान को कोषाध्यक्ष चुना गया। नई कार्यकारिणी के चुनाव में शक्ति सिंह चौहान को श्री श्याम मंदिर कमेटी का अध्यक्ष चुने जाने पर लोहारू व ढिगावा क्षेत्र के श्याम प्रेमियों में खुशी की लहर दौड़ गई तथा श्याम प्रेमियों ने नजदीकी श्याम मंदिरों में पूजा अर्चना कर नई कार्यकारिणी को बधाई दी। वहीं अनेक श्याम प्रेमी नई कार्यकारिणी को बधाई देने खाटू श्याम मंदिर पहुंचे और अध्यक्ष सहित चुने गए अन्य पदाधिकारियों को बधाई दी। उन्होंने आशा जताई कि नई कार्यकारिणी खाटू धाम में श्रद्धालुओं की सुख सुविधाओं के विस्तार के लिए उचित कदम उठाएगी। इस मौके पर सत्यनारायण भगत, शुभम स्वामी, प्रदीप जांगड़ा, धीरज चैहडिया, विमित मित्तल, प्रवीण उर्फ बिल्लू नेहरा, नितेश गुप्ता, नितिन शाह, सागर शर्मा सहित अनेक श्याम भक्त उपस्थित रहे।
