सीएम आवास का घेराव करने जा रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर वाटर कैनन का प्रयोग

हरियाणा युवा कांग्रेस ने किया ‘वोट चोर गद्दी छोड़ हल्ला बोल’ प्रदर्शन

लोक प्रेरणा कुरुक्षेत्र (एकजोत)। हरियाणा युवा कांग्रेस ने कुरुक्षेत्र में ‘वोट चोर गद्दी छोड़ हल्ला बोल’ प्रदर्शन आयोजित किया। प्रदर्शन में प्रदेश भर के युवा कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शन का नेतृत्व युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब और प्रदेश वरिष्ठ उपप्रधान सोमिल संधू ने किया। सुबह सबसे पहले कार्यकर्ता श्रीभागेश्वर महादेव मंदिर सेक्टर 2 में एकत्रित हुए, जहां पर सभा का आयोजन किया गया। सभा में सोमिल संधू ने युवा कांग्रेसियों की ओर से राष्ट्रीय प्रधान उदय भानु चिब को तलवार भेंट की। सभा के बाद सभी कार्यकर्ता राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब की अगुवाई में सीएम आवास की ओर बढ़े। मौके पर भारी पुलिस बल भी मौजूद रहा। जिला खेल अधिकारी मनोज कुमार बतौर डयूटी मजिस्ट्रेट मौजूद रहे। पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए दो जगहों पर बैरिकेटिंग की। जैसे ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सीएम आवास से कुछ दूरी पर पहली बैरिकेटिंग को तोड़ा, वैसे ही पुलिस ने कार्यकर्ताओं पर वाटर कैनन का प्रयोग कर उन्हें वही रोक दिया। पत्रकारों से बातचीत करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब ने कहा कि राहुल गांधी ने तथ्यों के साथ साबित कर दिया है कि हरियाणा में किस प्रकार वोट चोरी की गई। हरियाणा में सैनी सरकार ने युवाओं को बेरोजगार कर दिया है। सीएम नायब सिंह सैनी के जिले कुरुक्षेत्र में युवाओं को नशे की ओर धकेला जा रहा है। युवाओं को बर्बाद करने का काम सरकार कर रही है। बेरोजगारी के चलते हरियाणा से युवा दूसरे देशों में जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश के संविधान और लोकतंत्र को बचाने का प्रण युवा कांग्रेस ने लिया है। संविधान खत्म करने का प्रयास कर रही भाजपा के खिलाफ लड़ाई लड़नी है। भाजपा की सोच है कि वोट चोरी करके ही सरकार बना लेंगे, लेकिन राहुल गांधी ने इनकी चोरी पकड़ ली है। कांग्रेस कार्यकर्ता बूथ स्तर पर काम करके ये चोरी रोकने का काम करेंगे। वहीं प्रदर्शन के संयोजक एवं यूथ कांग्रेस के प्रदेश वरिष्ठ उपप्रधान सोमिल संधू ने कहा कि हरियाणा विधानसभा चुनाव के समय मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा था कि सारे व्यवस्थाएं कर ली गई हैं और हम सरकार बनाने जा रहे हैं। यहां सीएम ने संकेत दे दिए थे कि वो वोट चोरी का षडयंत्र रच सरकार बना लेंगे। आज हम प्रदर्शन के दौरान सीएम आवास से जो व्यवस्था सीएम सैनी ने की थी उसी के सुबूत लेने जा रहे थे, लेकिन पुलिस प्रशासन ने वाटर कैनन और लाठी का इस्तेमाल कर रोक लिया। उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र की धरती पर सभी युवा कांग्रेस यह प्रण लेते हैं कि राहुल गांधी के नेतृत्व में हरियाणा का युवा देश के लोकतंत्र को बचाने के लिए काम करेगा।

ये रहे मौजूद

प्रदर्शनकारी कार्यकर्ताओं को यूथ कांग्रेस के प्रदेश वरिष्ठ उपप्रधान सोमिल संधू, युवा कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सत्यवाल गहलोत, सह प्रभारी मीमांशा आर्या, सह प्रभारी प्रियंका, यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव परमजीत पम्मी, हिमांशु अरोड़ा, विशाल चौधरी, महबूब चौधरी, अजय जोगी, आर्यन चौधरी, मुकेश चौधरी, सुमित मढाण, जितेंद्र नरवाल, नवनीत रंधावा, सूखा मालिक, जसवीर जागलान, मनीष मालिक, कुलदीप सिंह, गगन संधू, अभिषेक यादव, रूबल संधू, मनदीप सुई, सिकंदर संधू, आशु नम्बरदार, दिनेश पोसवाल, रजत लाठर, जसबीर पानु व गुलाब चौहान सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!