सीएम फ्लाइंग की बड़ी कार्रवाई: नशे के लिए प्रयोग की जाने वाली 45,400 कैप्सूल व गोलियां बरामद

मेडिकल स्टोर संचालक बिना लाइसेंस और बिना बिल दवाइयों की कर रहा था सप्लाई

लोक प्रेरणा हिसार। हिसार जिले में सीएम फ्लाइंग टीम ने मंगलवार को आदमपुर कस्बे में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। टीम ने सूचना के आधार पर एक मकान पर रेड की और वहां खड़ी कार से 45,400 कैप्सूल और गोलियां बरामद कीं। इनमें से अधिकांश दवाइयाँ मेडिकल नशा करने में प्रयोग की जाती हैं। मौके पर कोई बिल या वैध दस्तावेज उपलब्ध न होने पर सभी दवाइयों को जब्त कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है।रेड का नेतृत्व सीएम फ्लाइंग हिसार रेंज की इंचार्ज सुनैना ने किया। टीम में औषधि नियंत्रण अधिकारी अजय बिश्नोई, एएसआई सुरेंद्र, हेड कांस्टेबल जितेंद्र व विजय शामिल रहे। टीम को सूचना मिली थी कि आदमपुर में कुछ लोग मेडिकल नशे की अवैध सप्लाई कर रहे हैं, जिसके बाद टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आदमपुर के भारत मेडिकल स्टोर के संचालक प्रिंस के आवास पर रेड की।

गाड़ी से भारी मात्रा में नशीली गोलियां जब्त

जांच के दौरान मकान के बाहर खड़ी एक कार की तलाशी ली गई। कार से ट्रैकडोल 100 SR की 40,500 टेबलेट, प्रोगाबालिन 300 के 3400 कैप्सूल तथा जंटाडोल 100 SR की 1500 गोलियां बरामद हुईं। औषधि विभाग के अनुसार ये दवाएं एनआरएक्स श्रेणी में तो नहीं आतीं, लेकिन इनका इस्तेमाल बड़े पैमाने पर नशा करने के लिए किया जा रहा है। टीम ने बरामद तीनों प्रकार की दवाइयों के सैंपल भी ले लिए हैं।छापेमारी के दौरान संचालक प्रिंस कोई बिल प्रस्तुत नहीं कर पाया और न ही उसके पास मेडिकल स्टोर चलाने का वैध लाइसेंस मिला। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि यह माल उसने हिसार से खरीदा था।

6 महीने पहले भी हो चुकी थी कार्रवाई, मेडिकल स्टोर किया गया था सील

जानकारी के अनुसार लगभग छह महीने पहले भी औषधि नियंत्रण अधिकारी ने प्रिंस के भारत मेडिकल स्टोर की जांच की थी। तब भी उसके पास से नशीली दवाइयों का अवैध स्टॉक मिला था, जिसके बाद मेडिकल स्टोर को सील कर दिया गया था और मेडिकल स्टोर का लाइसेंस कैंसिल कर दिया गया था। इसके बावजूद उक्त व्यक्ति प्रिंस द्वारा अवैध कारोबार जारी रखा गया।

सरकार के निर्देश: मेडिकल नशा बेचने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

सीएम फ्लाइंग इंचार्ज सुनैना ने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा मेडिकल नशे की रोकथाम के लिए सख्त निर्देश जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि मेडिकल नशा युवाओं को तेजी से बर्बाद कर रहा है और कई बार इसके ओवरडोज से जान तक चली जाती है। इसलिए प्रशासन लगातार ऐसे लोगों पर कड़ी निगरानी रख रहा है जो नशीली दवाइयों का अवैध व्यापार करते हैं।उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि अगर कहीं भी मेडिकल नशा बेचने की सूचना मिले तो तुरंत संबंधित विभाग को जानकारी दें। सरकार विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों और खेलों को बढ़ावा देकर युवाओं को नशे से दूर रखने का प्रयास कर रही है।फोटो कैप्शन:आदमपुर में गाड़ी से बरामद 45,400 नशीली गोलियों व कैप्सूल की जांच करती सीएम फ्लाइंग टीम।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!