लोहारू में दर्दनाक सड़क हादसा, 06 गंभीर

लोक प्रेरणा लोहारू। लोहारू-भिवानी सडक़ मार्ग पर ढिगावा कस्बे में शुक्रवार को सुबह कार व पिकअप वाहन की टक्कर हो गई। इस सडक़ हादसे में कार सवार 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए जबकि दो बच्चों को भी चोटें आई हैं। हादसा उस समय हुआ जब लोहारू निवासी अंकित गोयल अपनी बहन के शादी समारोह से हांसी से लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि बीएसएनएल कार्यालय के पास अचानक कार आगे चल रही पिकअप के पीछे जोरदार टकरा गई। टक्कर किस कारण हुई इसका अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है। टक्कर में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।मिली जानकारी के अनुसार हादसे में अंकित 34 वर्ष, प्रीति 30 वर्ष, अनीता उम्र करीब 28 वर्ष और बिमला उम्र करीब 60 वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं कार में सवार दो छोटे बच्चे अद्विक और टिया भी चोटिल हुए हैं। हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण तुरंत सहायता के लिए मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने डायल 112 पर सूचना देकर पुलिस को बुलाया तथा घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए ढिगावा के एक निजी अस्पताल में पहुंचाया। गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने भिवानी के जीएच रेफर कर दिया। सूचना मिलने पर लोहारू थाना पुलिस के एएसआई उदयभान और धर्मदेव मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर वाहन क्षति का जायजा लिया और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। लोहारू थाना पुलिस के धर्मदेव ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत राहत कार्य में सहयोग किया। उन्होंने कहा कि फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत मिलने पर आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे रात्रि समय में भी सावधानी पूर्वक ड्राइविंग करें। तेज गति से वाहन न चलाएं और आगे चल रहे वाहनों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें ताकि दुर्घटनाओं से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!