सड़क दुर्घटना में छात्रा की मौत के बाद भी नहीं जागा प्रशासन, बसों में लटककर सफर करने पर मजबूर छात्र-छात्राएं

वर्कशॉप स्टाफ व बसों का तोशाम सब डिपो में टोटा

दीपक माहेश्वरी (लोक प्रेरणा) तोशाम। बसों की कमी के चलते गांव पिंजोखरा में बुधवार सुबह स्याहड़वा वाली रोडवेज बस को छात्र-छात्राओं व ग्रामीणों ने रोककर प्रदर्शन किया। लगभग दो घंटे तक बस को रोके रखा और बाद में डीआई को बस बढ़ाने की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारी छात्र-छात्राओं का आरोप था कि विभाग ने नियमित बड़ी बस की जगह मिनी बस भेज दी, जो पीछे के स्टापेज से ही पूरी तरह भरकर आई, जिस कारण पिंजोखरा से सवारी और छात्र-छात्राएं बस में चढ़ नहीं सके। छात्र-छात्राओं ने बताया कि स्याहड़वा-तोशाम रूट पर बसों की कमी के कारण रोजाना स्कूल व कालेज जाने वाले विद्यार्थियों को निजी वाहनों या लिफ्ट लेकर जाना पड़ता है। इसी वजह से सोमवार को निजी वाहन से यात्रा करने वाली पिंजोखरा की एक स्कूली छात्रा की सडक़ दुर्घटना में मौत हो गई जबकि दूसरी छात्रा घायल हो गई थी। उसके बाद भी संबंधित विभाग तथा प्रशासन स्तर्क नहीं हुआ और छात्र-छात्राएं बसों में लटककर स्कूल-कॉलेज तक पहुंच रहे हैं। बुधवार को बसों की कमी को लेकर बिफरे छात्र-छात्राओं ने कहा कि बस में भीड़ इतनी अधिक रहती है कि बच्चे बस में लटककर सफर करने को मजबूर होते हैं, जिससे किसी भी समय और भी कोई बड़ा हादसा घटित हो सकता है। इस दौरान उन्होंने रोडवेज प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर इस रूट पर दो अतिरिक्त बसें नहीं लगाई गईं तो बसों को रोककर तोशाम बस स्टैंड पर जाम लगाया जाएगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी रोडवेज प्रशासन की होगी।इस संबंध में रोडवेज विभाग तोशाम सब डिपो के डीआई कर्मवीर भाकर ने कहा कि हमारे पास पहले ही बसों की कमी है पांच बसों में खराबी आई हुई है वहीं वर्कशॉप में स्टाफ की कमी के कारण खराब बसे ठीक नहीं हो पा रही जिससे दिक्कत है। जिसके कारण मजबूरीवश इस रूट पर बड़ी बस की जगह मिनी बस भेजी गई। तोशाम सब डिपो में बसों की कमी तो है ही वर्कशॉप स्टाफ न होने तथा गाड़ियां खराब होने की वजह से भी बड़ी समस्या बनी हुई है। वहीं सभी रोडवेज बसों को डीजल लेने भिवानी जाना पड़ता है यदि तोशाम सब डिपो में सरकार के द्वारा डीजल की सुविधा उपलब्ध करवा दी जाए तो भी यह समस्या कम हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!