नेशनल अवार्डी उदय शेट्टी ने चैंपियनशिप के आधिकारिक पोस्टर का विमोचन किया
लोक प्रेरणा लोहारू। स्थानीय लोक निर्माण विश्राम गृह लोहारू में मंगलवार को 5 वीं मास्टर नेशनल वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप 2025-26 की तैयारियों को लेकर नपा चेयरमैन प्रदीप उर्फ बंटी तायल की अध्यक्षता में पोस्टर विमोचन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर यह चैंपियनशिप 14 से 15 मार्च को लोहारू की अनाज मंडी में आयोजित होगी। इस अवसर पर शिव छत्रपति नेशनल अवार्डी उदय शेट्टी मुख्य रूप से मौजूद रहे। नपा चेयरमैन प्रदीप उर्फ बंटी तायल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए तथा आयोजन की रूपरेखा का अवलोकन किया। शिव छत्रपति नेशनल अवार्डी एंव इंडियन मास्टर्स वेटलिफ्टिंग फेडरेशन के सेक्रेटरी जनरल उदय शेट्टी के साथ अर्जुन अवार्डी संतोख कुमार चौहान भी मौजूद रहे। दोनों विशिष्ट अतिथियों ने आयोजन समिति को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह आयोजन लोहारू की खेल जगत में पहचान को और मजबूत करेगा। उल्लेखनीय है कि यह चैंपियनशिप हरियाणा स्टेट मास्टर वेटलिफ्टिंग एसोसिएशन एवं वेटलिफ्टिंग स्पोर्ट्स अकादमी लोहारू द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित की जाएगी। आयोजन से जुड़ी खेल गतिविधियों, तकनीकी संचालन और खिलाडिय़ों की तैयारियों की जिम्मेदारी कोच संदीप कड़वासरा की देखरेख में तय की गई। इस दौरान चैंपियनशिप की रणनीति, सुरक्षा प्रबंध, खिलाडिय़ों के आवास-भोजन, तकनीकी समिति, खेल उपकरणों की व्यवस्था तथा मैदान की तैयारी को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। आयोजन समिति के अनुसार मास्टर नेशनल वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में देशभर से करीब 200 खिलाड़ी भाग लेंगे, जिससे लोहारू में राष्ट्रीय स्तर का खेल माहौल बनेगा। चेयरमैन प्रदीप बंटी तायल ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर के ऐसे आयोजन लोहारू और आसपास के खिलाडिय़ों को नई प्रेरणा देते हैं तथा क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को उच्च स्तर पर मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने नगरपालिका एवं स्थानीय प्रशासन की ओर से हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। कार्यक्रम के अंत में आयोजन समिति ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया और विश्वास जताया कि लोहारू वेटलिफ्टिंग के क्षेत्र में एक नई पहचान स्थापित करेगा। उन्होंने कहा कि आयोजन समिति जिस प्रकार की भी जिम्मेदारी लगाने का काम करेगी उसका बखूबी निर्वहन किया जाएगा। इस मौके पर प्रो. अत्तर सिंह श्योराण, वासु मतानी, हरियाणा वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप के अध्यक्ष महेश श्योराण, जनरल सेक्रेटरी संदीप कड़वासरा, अंतरराष्ट्रीय लिफ्टर एवं चीफ रेफरी विजय दूहन करनाल, जाकिर हुसैन, वेदपाल गोठड़ा, जगदीश कड़वासरा, राकेश शर्मा, खिलाड़ी शैली तंवर सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
